कार के गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाया जा रहा था 12 किलो गांजा, चिल्फी पुलिस ने तीन को पकड़ा; 12 लाख की संपत्ति जब्त
कवर्धा (छत्तीसगढ़)। कबीरधाम जिले की चिल्फी थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कार में गुप्त चेंबर बनाकर की जा रही गांजा तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो युवकों सहित एक नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक) को हिरासत में लिया है। आरोपियों के पास से 12.630 किलोग्राम गांजा, तस्करी में प्रयुक्त हुंडई ऑरा कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत 12 लाख 11 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार व अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी चिल्फी संजय ध्रुव के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
NH-30 पर नाकाबंदी कर दबोचा
11 अगस्त को चिल्फी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक हुंडई ऑरा कार (MP-65-ZB-7179) में तीन लोग भारी मात्रा में गांजा लेकर कवर्धा-चिल्फी मार्ग से जबलपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने थाना चिल्फी के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर नाकाबंदी की। संदिग्ध कार के पहुंचते ही उसे रोककर पूछताछ और तलाशी ली गई।
ड्राइवर सीट के पीछे बना था गुप्त चेंबर
सघन तलाशी के दौरान कार में ड्राइवर सीट के पीछे एक विशेष गुप्त चेंबर पाया गया। इसमें खाकी रंग के टेप से लिपटे गांजे के 12 पैकेट छिपाकर रखे गए थे। नारकोटिक ड्रग्स डिटेक्शन किट से जांच करने पर पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर गांजे का कुल वजन 12.630 किलोग्राम निकला, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
मामले में गिरफ्तार आरोपी और जब्त संपत्ति
मामले में पुलिस ने निम्नलिखित आरोपियों को पकड़ा है:
हरिओम बंजारा (23 वर्ष)
लेखराज बंजारा (21 वर्ष)
एक विधि से संघर्षरत बालक (जिसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत पृथक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है)
पुलिस ने आरोपियों के संयुक्त कब्जे से निम्नलिखित सामग्री जब्त की है:
गांजा: 12.630 किग्रा (कीमत ₹6,00,000)
वाहन: हुंडई ऑरा कार क्रमांक MP-65-ZB-7179 (कीमत ₹6,00,000)
मोबाइल फोन: 1 वीवो एंड्रॉयड (₹5,000), 1 इनफिनिक्स एंड्रॉयड (₹5,000) और 1 की-पैड मोबाइल (₹1,000)
कुल जब्त संपत्ति: ₹12,11,000
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
संपूर्ण कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई और जब्त गांजे को सीलबंद किया गया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपियों से गांजे के मुख्य स्रोत और इसे कहां खपाया जाना था, इस संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में चिल्फी थाना प्रभारी निरीक्षक बीरेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक बीरबल साहू और थाना टीम की मुख्य भूमिका रही।
कवर्धा-- कार के गुप्त चेंबर से 12 किलो गांजा जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार; 12 लाख का सामान बरामद