News / छत्तीसगढ़

कबीरधाम में गांजा तस्करी का भंडाफोड़: 2.50 करोड़ का माल जप्त

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। चिल्फी बॉर्डर पर पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक के गुप्त चेंबर से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। जप्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये है।
​कार्रवाई की मुख्य बातें:
​गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाया जा रहा था गांजा: चिल्फी थाना पुलिस एन.एच.-30 मेन रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक संदिग्ध कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें ड्राइवर सीट के ऊपर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर से खाकी टेप से लिपटे गांजे के पैकेट मिले।
​अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार: पुलिस ने वाहन चालक बलजीत सिंह (निवासी- अमृतसर, पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से गांजा, परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक (कीमत करीब 27 लाख रुपये) और एक मोबाइल फोन (कीमत 5,000 रुपये) जप्त किया गया है।
​कुल जप्त मशरूका: पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपये का मशरूका जप्त किया है।
​आईजी ने पुलिस टीम को किया पुरस्कृत
​कबीरधाम पुलिस की इस उत्कृष्ट और साहसिक कार्रवाई से उत्साहित होकर पुलिस महानिरीक्षक (राजनांदगांव रेंज) श्री अजय यादव ने चिल्फी थाना पुलिस टीम को 25,000/- रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।
​पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जा रही है। फिलहाल, चिल्फी पुलिस और एएनटीएफ (ANTF) की टीम आरोपी से पूछताछ कर इस तस्करी के पूरे नेटवर्क और अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।