News / कवर्धा

कबीरधाम: 12.50 लाख की चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, पिता-पुत्र गिरफ्तार; 11.53 लाख बरामद

कबीरधाम। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम मझगांव में हुई 12.50 लाख रुपये की बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। साइबर थाना और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए 11,53,000 रुपये बरामद कर लिए हैं। छत के रास्ते घर में घुसा था आरोपी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी हीरालाल साहू ने 24 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 सितंबर की शाम लगभग 6 से 7 बजे के बीच अज्ञात चोर ने उनके घर से 12.50 लाख रुपये पार कर दिए। जांच में सामने आया कि गांव का ही 19 वर्षीय आरोपी कमलेश पटेल गणेश चतुर्थी के दिन गांव वालों की व्यस्तता का फायदा उठाकर अपने पुराने मकान की छत के रास्ते हीरालाल साहू के घर में घुसा था। उसने आलमारी का लॉकर खोलकर रुपये और पर्स पार कर दिए थे। पिता ने रकम छिपाने में की मदद चोरी के अगले दिन आरोपी कमलेश ने इसकी जानकारी अपने पिता भागवत पटेल (50 वर्ष) को दी। इसके बाद दोनों ने मिलकर चोरी की रकम को छुपाने के लिए पुराने मकान, खेत के बोर वाले कमरे और अपने नए मकान की आलमारी में अलग-अलग जगह रखा। खर्च कर दिए थे बाकी रुपये पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर 29 सितंबर को दोनों आरोपियों को उनके घर से धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी कमलेश ने बताया कि उसने करीब 47 हजार रुपये खाने-पीने में खर्च कर दिए, जबकि उसके पिता ने 50 हजार रुपये गाड़ी बनवाने में खर्च कर दिए थे। कबीरधाम एसपी जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में बनी विशेष टीम (साइबर थाना व सिटी कोतवाली) ने इस अंधी चोरी की गुत्थी सुलझाने में सफलता हासिल की। पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई कर रही है।