News / कवर्धा

फर्जी वन अधिकार पट्टा बनाकर 2.10 लाख रुपये की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

कबीरधाम (छ.ग.)। जिले के थाना झलमला पुलिस ने फर्जी वन अधिकार पट्टा बनाकर ग्रामीणों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी दस्तावेज जप्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पट्टा लेकर खाद-ऋण लेने पहुंचे तो खुला राज
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम अंजना निवासी पंछू सिंह धुर्वे ने थाना झलमला में शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के ही राजेन्द्र धुर्वे ने उसके और उसकी पत्नी के नाम पर वन अधिकार पट्टा बनवाने का झांसा देकर 1,00,000 रुपये ऐंठ लिए। जब पीड़ित आरोपी द्वारा दिए गए पट्टे को लेकर केसीसी (KCC) ऋण और खाद लेने सोसायटी पहुंचा, तब जाकर पट्टे के फर्जी होने का खुलासा हुआ।
तीन ग्रामीणों से ठगे कुल 2.10 लाख रुपये
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने सिर्फ पंछू सिंह ही नहीं, बल्कि गांव के अन्य लोगों को भी अपनी ठगी का शिकार बनाया था। आरोपी ने संतोष धुर्वे से 60,000 रुपये और चमर सिंह कुशरे से 50,000 रुपये पट्टा बनवाने के नाम पर लिए थे। इस तरह उसने कुल 2,10,000 रुपये की धोखाधड़ी की थी।
वन विभाग से सत्यापन में फर्जी निकले दस्तावेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए झलमला पुलिस ने संबंधित वन अधिकार पट्टों का वन विभाग कवर्धा से सत्यापन कराया। सत्यापन में वन विभाग के पास उक्त पट्टों का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला और दस्तावेज पूरी तरह से फर्जी व कूटरचित पाए गए।
साथी के साथ मिलकर बनाता था फर्जी पट्टे
पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार व श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी श्री प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देशन में कार्रवाई करते हुए झलमला पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र धुर्वे (36 वर्ष, निवासी अंजना) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथी के साथ मिलकर फर्जी वन अधिकार पट्टा तैयार करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी दस्तावेजों की प्रतियां जप्त कर उसे 3 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर कबीरधाम जिला जेल भेज दिया है।
बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज
थाना झलमला में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 14/2026, धारा 318(4), 338, 336(3) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री आशीष कंसारी के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक वसीम रजा कुरैशी, लुदुराम साहू, आरक्षक राजेंद्र धुर्वे एवं सुदर्शन की सराहनीय भूमिका रही।